बदायूं। जिले में सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। दो दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी के बदायूं आने के बाद रविवार को अचानक पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी बदायूं पहुंचे। रात में अपने आवास पर रुके और खास सिपहसालारों से बात कर रवाना हो गए। लखनऊ जाते वक्त उन्होंने सीतापुर जेल पहुंचकर आजम खां से भी मुलाकात की। इसके बाद कई सियासी अटकलों को बल मिला है।
एक साल पहले सपा में वापसी के बाद शेरवानी पहली बार बदायूं पहुंचे थे। ककराला में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने से पहले वह सपा से निष्कासित पूर्व राज्यमंत्री आबिद रजा के आवास पर पहुंचे। यहां आबिद की पैरोकारी करते हुए कहा कि आबिद के टिकट के लिए लड़ाई लड़ेंगे। आबिद और धर्मेंद्र यादव के बीच तकरार काफी पुरानी है।
यहां बता दें कि बदायूं से पांच बार सांसद रहे सलीम शेरवानी 2009 और 2019 का लोकसभा चुनाव धर्मेंद्र यादव के खिलाफ लड़ चुके हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले शेरवानी ने आबिद के आवास पर जाकर सियासी पारा चढ़ा दिया। राजनीतिक गलियारों के इसके कई संदेश गए।
रविवार को अचानक पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी बदायूं पहुंच गए। उनके यहां आने की जानकारी कुछ खास सिपहसालारों के पास थी। रविवार रात अपने आवास पर धर्मेंद्र यादव ने खास लोगों से मुलाकात की और सोमवार सुबह बदायूं से रवाना हो गए। लखनऊ से पहले धर्मेंद्र यादव ने सीतापुर जेल में आजम खां से भी मुलाकात की। सपा के बड़े नेता धर्मेद्र यादव के बदायूं दौरे की पुष्टि तो कर रहे हैं, लेकिन किन मुद्दों पर मंत्रणा हुई इस बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं है।
-
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को बरेली के मीरगंज और भोजीपुरा में आयोजित कुछ कार्यक्रमों में पहुंचना था। वह रविवार रात बदायूं आए थे। यहां पार्टी के कुछ पदाधिकारियों से मुलाकात की। सलीम शेरवानी के दौरे से जोड़कर इसे नहीं देखा जाना चाहिए। कल क्या होगा यह नहीं कहा जा सकता। सपा सभी छह विधानसभा सीटें जीतेगी।
-प्रेमपाल सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष