बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सोमवार को बरेली जोन की तृतीय अंतरजनपदीय कुश्ती क्लस्टर (महिला/पुरुष) पुलिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर कुश्ती के साथ-साथ बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बरेली जोन के नौ जिलों के पुलिस खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
एसएसपी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां पुलिस कर्मियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी विकसित करती हैं। ऐसे आयोजनों से पुलिस बल में ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का संचार होता है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी दातागंज कृष्ण कुमार तिवारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
एनआईएस कोच शैवर अली खान, आर्म रेसलिंग कोच दिलीप जोशी, उत्तर प्रदेश पुलिस कुश्ती कोच जितेन्द्र राणा व एनआईएस कोच राजीव कुमार ने निर्णायक की जिम्मेदारी निभाई।
रामपुर, बदायूं और बरेली के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
इस दौरान पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 61 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं के जितेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामपुर के बलबिंद्र द्वितीय स्थान पर रहे। 70 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली के भोलाराम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बदायूं के विशाल को द्वितीय स्थान मिला। 74 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं के अजय कश्यप विजेता रहे और बरेली के संदीप कुमार उपविजेता बने। 86 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली के हरेंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बदायूं के अनुज को द्वितीय स्थान मिला।
महिलाओं में बदायूं, मुरादाबाद व शाहजहांपुर का दिखा दम
महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। 53 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की सपना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बरेली की अनुराधा द्वितीय रहीं। 55 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद की निशब ने प्रथम स्थान हासिल किया और शाहजहांपुर की आरती को द्वितीय स्थान मिला। 62 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की भूरी विजेता रहीं, जबकि शाहजहांपुर की श्रुति खेवाल उपविजेता बनीं। 65 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की अनामिका ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बरेली की सुमन धीमान द्वितीय स्थान पर रहीं।