बदायूं। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। फैजगंज बेहटा में चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति न होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फैजगंज बेहटा। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा अधिकारी की गैरमौजूदगी में ओपीडी का काम फार्मेसिस्ट निशाकर शर्मा ने संभाला। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर दो बजे तक 89 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सात मरीजों की जांच हुई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। अस्पताल परिसर में भी गंदगी और बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। इससे जहरीले सांपों का खतरा बना हुआ है।
दबतोरी में 101 मरीज पहुंचे
दबतोरी। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरोग्य मेले के दौरान दोपहर ढाई बजे तक 101 मरीजों ने उपचार कराया। डॉक्टर जहीर अहमद की सलाह पर 34 मरीजों ने रक्त की जांच कराई। इनमें छह हीमोग्लोबिन, आठ शुगर, 11 मलेरिया, पांच टाइफाइड और चार पीलिया की जांच शामिल थीं। तीन मरीजों की शुगर निर्धारित मानक से अधिक मिली, जबकि अन्य जांचें सामान्य रहीं। मेले में डॉक्टर जहीर अहमद, फार्मासिस्ट समद अली, लैब टेक्नीशियन असर जावेद, स्टाफ नर्स कल्पना और वार्ड बॉय विकास यादव मौजूद रहे। संवाद
म्याऊं में 31 मरीजों का उपचार
म्याऊं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं में आयोजित आरोग्य मेले में चिकित्सकों ने 31 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया। इनमें त्वचा संबंधी बीमारी और सांस संबंधी समस्या वाले मरीज अधिक रहे। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ निशुल्क दवाएं वितरित कीं। बदलते मौसम को देखते हुए मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई। संवाद