बदायूं। आगामी 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में प्रतिभाग करने के लिए राजकीय महाविद्यालय के एनएसएस के स्वयंसेवक पंकज पाल का चयन हुआ है। वह यूपी से चयनित छह एनएसएस के स्वयंसेवकों में से एक हैं। पंकज राजकीय महाविद्यालय की एनएसएस प्रथम इकाई के स्वयंसेवक हैं।
गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने वाली राष्ट्रीय सेवा योजना की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से छह स्वयंसेवक और छह स्वयंसेविकाओं का चयन हुआ है। इनका चयन पटना में स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कैंपस में दस दिवसीय प्रशिक्षण के बाद हुआ है। अब वह एक जनवरी से 25 जनवरी तक परेड की तैयारी करेंगे।
उत्तर प्रदेश से चयनित छह स्वयंसेवकों में महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिक्षेत्र से एकमात्र स्वयंसेवक पंकज पाल का चयन हुआ है। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने बताया है कि इससे पहले 2023 में इसी इकाई की स्वयंसेविका प्रिया का भी चयन हुआ था।