बिल्सी में हादसे के बाद पलटा ट्रैक्टर। संवाद
बिल्सी। बाइपास मार्ग पर बस स्टैंड के पास सोमवार रात एक बोलेरो और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर में आग लग गई। यही नहीं ट्रैक्टर की चपेट में आई एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा है। घटना के बाद काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
नगर में बदायूं बस स्टैंड के पास रात करीब आठ बजे घटना हुई। सामने से आ रहा है एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बोलेरो से जा टकराया। बोलेरो को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक लगाए। इसके बाद भी ट्रैक्टर बोलेरो से टकराकर सड़क किनारे नीचे खाई में जाकर पलट गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाई।
हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे नन्नू पुत्र रूपराम बिल्सी, दीपक पुत्र मुकेश ग्राम पिंडोल, आशिक पुत्र साबिर बिल्सी, अंश राणा पुत्र सुनील राणा ग्राम खितौरा, जितेंद्र पुत्र श्रीपाल अहमदनगर असौली, राजीव पुत्र पप्पू बिल्सी, दक्ष पुत्र कुलदीप बिल्सी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर आ गए, जिसकी वजह से काफी देर तक वहां अफरातफरी का माहौल रहा और आवागमन भी प्रभावित रहा।