दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र में बदायूं-मेरठ हाईवे पर शुक्रवार सुबह उस्मानपुर के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार डिलीवरी बॉय पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक, बस के पहिये में फंस गई। पुष्पेंद्र के सिर से हेलमेट दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते यातायात वन-वे करने की वजह से हुआ है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव समसपुर कुबरी निवासी विजेंद्र ने बताया कि उनका बेटा पुष्पेंद्र (20) डिलीवरी बॉय था। शुक्रवार सुबह भी वह बाइक से डिलीवरी देने के लिए घर से निकला था। वह बदायूं-मेरठ हाईवे पर उस्मानपुर के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही कौशांबी डिपो की बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा होने पर राहगीर और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम कराया। रोडवेज बस को भी कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया।
मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज के भागे हुए चालक की तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं।
-
डेढ़ माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजनों ने बताया कि पुष्पेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में करीब डेढ़ माह का एक मासूम बेटा भी है। जिस पिता के कंधों पर अपने छोटे से परिवार की जिम्मेदारी थी, उसकी मौत से पत्नी, मासूम बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कौशांबी डिपो की बस में सवार यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे के दौरान कौशांबी डिपो की बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यह बस बदायूं से होकर जरीफनगर क्षेत्र की तरफ जा रही थी। हादसे के दौरान चालक के भागने पर यात्री और परेशान हो गए। बस में 40 सवारी बताई गई हैं। परिचालक ने दूसरी रोडवेज बस में सवारियाें को बैठाया। कुछ सवारियां परिचितों को बुलाकर वहां से चली गईंं।
पुष्पेंद्र फाइल फोटो-
पुष्पेंद्र फाइल फोटो-