- यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों ने कापियों पर लिखे हैं जुमले
यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले कई परीक्षार्थियों ने पेपर में मेहनत करने के बजाय मूल्यांकन में परीक्षकों के भावनात्मक तरीके से रिझाकर नंबर हासिल करने की कोशिश की है। कई परीक्षार्थियों ने तो कापियों में नोट भी नत्थी कर पास करने का अनुरोध किया है।
रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के दौरान एक परीक्षक के हाथ इंटर गणित की एक उत्तर-पुस्तिका लगी। इस पर किसी छात्र ने लिखा था कि हमारी जिंदगी आपके हाथ में है। मैं आर्मी की भर्ती मैथ से देखना चाहता हूं, कृप्या दया कर देना, प्लीज सर प्लीज। कई अन्य कापियों पर अलग-अलग तरीके के जुमले लिखे हुए हैं। कुछ ने शादी का वास्ता देकर तो कुछ ने अपनी बीमारी की बात कहकर नंबर मांगे हैं। वहीं, कई कापियों में सौ, पचास के नोट भी निकल रहे हैं।
बोर्ड ने वापस मंगाए कापियों के 17 बंडल
बदायूं। पूर्वांचल के एक जनपद के संवेदनशील केंद्र यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र से जांचने के लिए आए कापियों के 19 बंडल बोर्ड ने वापस मंगा लिए हैं। उनको किसी अन्य जिले के मूल्यांकन केंद्र पर निगरानी में जंचवाया जाएगा। इंटरमीडिएट परीक्षा की कापियों के ये बंडल यहां राजकीय इंटर कालेज के मूल्यांकन केंद्र पर बोर्ड ने जांचने के लिए भेजे थे। सूत्रों का कहना है कि बोर्ड को लगा कि यहां पर इन बंडलों की कापियों का मूल्यांकन निगरानी में नहीं हो सकेगा इसलिए इन बंडलों का मूल्यांकन न करने के आदेश के साथ ही इनको बोर्ड मुख्यालय ने वापस भेजने के आदेश दिए। ये बंडल सोमवार को यहां से बोर्ड को वापस भेज दिए जाएंगे।