बेलाडंडी में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे का मामला
पैमाइश में सामने आए थे कब्जा करने वाले किसानों के नाम
ग्राम सभा की जमीन पर दबंगई के बल पर कब्जा कर फसल बोने वाले 37 किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश तहसीलदार मनोज प्रकाश ने दिया है। इन किसानों ने जुर्माना की रकम जमा नहीं की थी। ऐसे में उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। सैकड़ों किसानों ने ग्राम सभा बेलाडांडी की करीब तीन हजार बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। इस मामले में 72 किसानों पर जुर्माना डाला गया था। सिर्फ 35 किसानों ने ही जुर्माने की रकम जमा की।
दातागंज तहसील की ग्राम पंचायत बेलाडांडी की करीब तीन हजार बीघा जमीन पर दबंगई के बल पर अवैध कब्जा कर गेहूं की फसल बो ली गई थी। ग्राम प्रधान की शिकायत पर जमीन की पैमाइश कराई गई। पहले चरण की पैमाइश में करीब 320 बीघा जमीन पर 72 किसानों का अवैध कब्जा पाया गया था। राजस्व विभाग ने प्रत्येक किसान पर 800 रुपये प्रति बीघा की दर से जुर्माना डाल दिया। इनमें से सिर्फ 35 किसानों ने ही अब तक जुर्माना की रकम अदा की है। बाकी के 37 किसानों ने अब तक जुर्माना नहीं भरा है। ऐसे में तहसीलदार ने जुर्माना न भरने वाले किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया है। इस संबंध में लेखपाल की ओर से तहरीर कोतवाली में दे दी गई है।
------------
वर्जन-
अवैध कब्जे के मामले में 72 किसानों पर जुर्माना ठोका गया था। इनमें से सिर्फ 35 किसानों ने ही जुर्माना भरा है। जुर्माना अदा न करने वाले 37 किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया गया है।-मनोज प्रकाश, तहसीलदार-दातागंज