चोरी किए हुए तार के साथ खड़ा चोर चिंटू। ग्रामीण
सिलहरी। बिल्सी हाईवे पर भरकुईयां गांव के ईंट-भट्ठे के पास बृहस्पतिवार तड़के करीब 5 बजे तार चोरी कर रहे गिरोह का एक सदस्य ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई लगाई और पुलिस को सौंप दिया। तार चोरी करने के लिए इको कार से 12 से अधिक बदमाश पहुंचे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विद्युत उपकेंद्र कुरऊ से चंदऊ ग्रामीण फीडर की 11 केवी हाईटेंशन लाइन का काम चल रहा है। बदमाशों ने करीब 15 बिजली के खंभों से तैयार किए जा रहे चंदऊ ग्रामीण फीडर की हाईटेंशन लाइन के तार उतार लिए थे। इसी दौरान हाईवे पर टहल रहे ग्रामीणों व खेतों की रखवाली करने पहुंचे किसानों की बदमाशों पर नजर पड़ी तो उन्होंने विरोध किया।
शोर मचने पर अधिकांश बदमाश भाग निकले। बिजली के खंभे से उतरते समय एक बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे कई घंटों तक बंधक बनाए रखा। पुलिस व विद्युत निगम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर बदमाश को हिरासत में ले लिया। पकड़े आरोपी ने अपना नाम चिंटू पुत्र हरिराम निवासी गांव खुनक, थाना बिनावर बताया। उसने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जो ककराला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। कोतवाली पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।
गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित होेने से बच गई
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते चोरी का पता न चलता तो चोर बड़ी मात्रा में बिजली तार ले जाते, जिससे गांवों की बिजली व्यवस्था कई दिनों तक प्रभावित रहती। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पकड़े गए चोर के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इससे पहले हुई चोरियों की रिपोर्ट अज्ञात में पहले से दर्ज है। - नीरज, अधिशासी अभियंता प्रथम