बदायूं। जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत पहले की अपेक्षा अब लाभार्थियों की संख्या में इजाफा हो गया है। इसकी वजह से जिले का प्रतिशत गिर गया। जहां पहले जिले में 82 प्रतिशत तक कार्ड बन लिए थे। अब उसका प्रतिशत घटकर 51 पर आ गया है।
जिले को 10.96 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में अभियान चलाकर पात्र लोगों के कार्ड बनवा रही थी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, लक्ष्य के सापेक्ष जिले ने अच्छी प्रगति भी दर्ज की थी।
इसी बीच शासन ने लक्ष्य बढ़ाकर 14.80 लाख कर दिया है। नया लक्ष्य मिलने के बाद पहले से बनी उपलब्धि का प्रतिशत स्वत: कम हो गया है। इससे विभागीय अधिकारियों के सामने अब अधिक लोगों तक पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है। जिले में बड़ी संख्या में अभी भी पात्र परिवार ऐसे हैं, जिनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन सके हैं। इन्हें योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मचारियों और कॉमन सर्विस सेंटरों की मदद से कार्ड बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड के जरिए पात्र परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। ऐसे में विभाग का फोकस ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को योजना से जोड़ने पर है। सीएमओ डॉ. श्रीमोहन झा का कहना है कि नए लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए अभियान में तेजी लाई जाएगी।