बदायूं में पड़ोसी ने की दो बच्चों की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बच्चों को छत पर ले गया था आरोपी
मंगलवार शाम संगीता अपने तीन बच्चों आयुष, अहान और पीयूष (8) और सास मुन्नी के साथ घर पर थीं। साजिद शाम छह बजे सैलून बंद करने के बाद साढ़े छह बजे भाई जावेद के साथ उनके घर आया तो संगीता उनके लिए चाय बनाने अंदर चली गईं। तभी साजिद भाई जावेद को वहीं छोड़कर आयुष और अहान को अपने साथ छत पर ले गया। साथ ही पीयूष से पानी लाने को कहा। जब तक वह पानी लेकर ऊपर पहुंचा, तब तक साजिद ने चाकू से आयुष और अहान की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
मासूमों के शरीर पर कई जगह घोंपे चाकू
दोनों मासूमों के शरीर पर कई और जगह भी वार किए। सामने आए पीयूष पर भी उसने चाकू से हमला किया। वह चीखता हुआ नीचे आया। पीछे से साजिद दौड़ा तो यह देख मां संगीता ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इस बीच साजिद भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस साजिद की तलाश में जुट गई। इस बीच आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। नृशंस हत्या देख उनका गुस्सा बढ़ने लगा। आक्रोशित भीड़ ने साजिद के सैलून का ताला तोड़कर सामा निकाला और फूंक दिया।
आसपास के तीन अन्य खोखों को भी आग के हवाले कर दिया। लोग एक समुदाय के धर्मस्थल तक पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोका। बाद में गुस्साए लोग पुलिस चौकी पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे, आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने भीड़ को समझाया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिया गया। कुछ देर बाद ही पुलिस ने साजिद को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में एक इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं।
बरेली रेंज आईजी डॉ. राकेश सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि घटना देर शाम की है। दो बच्चों की इसमें हत्या हुई है। खून से लथपथ आरोपी मौके से भागा। मोहल्ले वालों ने बताया कि आरोपी शेखूपुर के जंगल की ओर गया है। पुलिस और एसओजी टीम ने पीछा किया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके जबाव में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें आरोपी की मौत हुई है। वहीं इंस्पेक्टर को गोली लगी है।