ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
धर्मेंद्र के चेहरे पर अंगोछा बंधा था। वह औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था। पीठ व गले पर निशान थे। जुगेंद्र ने राजपाल से भाई को मारने की बात पूछी तो उसने बताया कि धर्मेंद्र के उस पर 10 हजार रुपये उधार के आ रहे थे। वह लगातार तगादा करता था। इसी बीच राजपाल ने मौके से भागने की भी कोशिश की, लेकिन जुगेंद्र व ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसओ रामेंद्र सिंह के बाद सीओ बिसौली घटनास्थल पर पहुंचे। जुगेंद्र ने हत्यारोपी राजपाल को पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने जुगेंद्र की तहरीर पर आरोपी राजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रेम विवाह के बाद छोड़ दिया था गांव
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र ने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके चलते वह पत्नी ममता व बच्चों के साथ चंदौसी में रहने लगा था। वहीं, परिजनों को आशंका है कि राजपाल गांव में अवैध तरीके से शराब बेचता है। धर्मेंद्र की हत्या वह अकेला नहीं कर सकता है। उसके साथ और भी लोग शामिल हो सकते हैं। धर्मेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र की राजपाल पर 10 हजार रुपये की उधारी थी। दोनों की नशे में गाली गलौज के बाद मारपीट हुई। इस दौरान राजपाल ने उसके गले में रस्सी डालकर कस दी। इससे धर्मेंद्र की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी साक्ष्यों को संकलित कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।