मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी युवक अपने साथी के साथ बाला किशनपुर जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका साथी गंभीर घायल हो गया।
बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसा हो गया। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक अनिल कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके गांव का बागेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी अनिल कुमार शनिवार रात करीब आठ बजे अपने गांव के बागेश के साथ बाइक पर बाला किशनपुर गांव जा रहा था। उनकी बाइक गोली नगला और बाला किशनपुर गांव के बीच पहुंची थी। तभी सामने से आए ट्रक की चपेट में आ गई।
टक्कर लगने से बाइक समेत दो युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में अनिल की मौत हो गई, जबकि बागेश घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। इस पर वे लोग अस्पताल पहुंच गए।