फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, किया भोलेनाथ का अभिषेक

विज्ञापन
शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करते भक्त। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। महाशिवरात्रि पर मंगलवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रहीं। बड़े शिवालयों के अलावा छोटे मंदिरों में भी खासी भीड़ रही। बाद में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के बाद जल और दुग्ध से अभिषेक किया। बेलपत्र, फल-फूल, मिष्ठान, धतूरा, शहद चढ़ाए और मनोकामना पूरी करने के लिए प्रार्थना की। इस दौरान काफी संख्या में कांवड़ियों ने भी गंगाजल चढ़ाया। इस दौरान घंटों की ध्वनि और जयकारों से पूरा इलाका शिवमय हो गया। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत भी रखा।
विज्ञापन

-
गौरीशंकर मंदिर के बाहर तड़के ही लग गई लाइन
कछला से जल लेकर रात में कावड़िए शहर के उसावां रोड स्थित गौरीशंकर मंदिर पर पहुंच गए। मंदिर के कपाट खुलने के बाद में सबसे पहले उन्होंने भोलेशंकर का अभिषेक किया। उसके बाद में अन्य लोगों ने जल चढ़ाने की शुरुआत की। यहां रात तक कतार लगी रहीं। इस दौरान भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
-
बिरुआवाड़ी मंदिर के सामने नो एंट्री में घुसा ट्रक
महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस, प्रशासन की ओर से शहर में नो एंट्री जोन बनाया गया था ताकि शिव भक्तों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। सुबह नौ बजे के करीब नवादा से बिरुआवाड़ी मंदिर (काली सड़क) होते हुए एक ट्रक शहर में घुस गया। इससे शिव भक्तों को काफी परेशानी हुई।
विज्ञापन

-
गुलड़िया मंदिर में किया रुद्राभिषेक
नगर पंचायत गुलड़िया में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष व छात्रसंघ अध्यक्ष अरुण कुमार पटेल की ओर से रुद्राभिषेक और यज्ञ का आयोजन किया गया। रात तीन बजे सुधांशु शर्मा, मधुरानंद ने भगवान शिव का पूजन कराया। इसके बाद भगवान शिव का रुद्राभिषेक और शिवरात्रि यज्ञ संपन्न कराया गया। इस मौके पर नित्यम पटेल, अजय पटेल, मोहित पटेल, नवनीत पटेल, प्रशांत, गोपी, दीपांशु सक्सेना, विकास साहू आदि मौजूद रहे।
वजीरगंज। महाशिवरात्रि नगर व पूरे देहात क्षेत्र में श्रद्धा व आस्था के साथ मनाई गई। लोगों ने अपने आराध्य भगवान शिव की आराधना की और उनका जलाभिषेक किया। नगर के कई मंदिरों में पैर रखने तक कि जगह नहीं थी। लोगों को पूजा अर्चना करने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। भोलेनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं का मेला लगा रहा। भंडारा भी हुआ।
नूरपुर पिनौनी। गांव में स्थित शिव मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार जलाभिषेक करने को लग गईं। आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालुओं ने प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया। इस मौके पर हर वर्ष की भांति मेले का भी आयोजन किया गया। वहीं शिव भक्तों ने कांवड़ यात्रा निकाली। लोगों ने पुष्प वर्षा की।
-
बढ़ गए फलों के दाम
महाशिवरात्रि पर फलों के दाम काफी अधिक रहे। कुछ दिनों पहले 20 से 25 रुपये प्रति किलो बेर बिक रहा था जो मंगलवार को 40 रुपये तक बिका। वहीं केला 20 रुपये प्रति दर्जन था जो महाशिवरात्रि को 40 से 50 रुपये बिका। इसी तरह जो सेब 100 से 110 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा था वह 140 से 150 रुपये तक बिका।
-
गांवों में लगे मेले
बिल्सी। नील कंठेश्रवर महाराज, हनुमानगढ़ी, शिव शक्ति भवन मंदिर, कुटी मंदिर, नव दुर्गा मंदिर के अलावा अधिकतर मंदिरों में लंबी लाइन लगी रहीं। इधर, तहसील क्षेत्र के गांव सिमर्रा भोजपुर, सिरासौल जसा पट्टी, रिसौली, नैथुआ, रफीनगर, खिरौता, नरैनी, दिधौनी, रियोनाई दलाई स्थित शिवमंदिरों पर काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं गांव नगला डल्लू, निजामपुर, सिमर्रा भोजपुर, दिधौनी, शरह बरोलिया समेत कई गांवों में मेलों का आयोजन किया गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें