बिसौली में शील्ड के साथ चैंपियन कॉलेज के छात्र खुशी मनाते हुए। संवाद
बदायूं। तीन दिवसीय जनपदीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मेजबान मदन लाल इंटर कॉलेज बिसौली के बालक वर्ग की टीम ने 187 अंक पाकर ओवरऑल चैम्पियनशिप बनी। बदायूं के श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही। इसी तरह बालिका वर्ग में केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज बदायूं की टीम चैम्पियन और राजाराम इंटर कॉलेज के खिलाड़ी उपविजेता रहे।
शुक्रवार को समापन के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। जिलेभर के 500 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गन्ना सोसाइटी के जिला चेयरमैन ठाकुर रामवीर सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, भाजपा नेता अजय पाराशरी और डीआईओएस लालजी यादव ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शिक्षा के साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां संगीत शिक्षक अफजाल खान और भावना रानी के निर्देशन में हुईं। देशभक्ति के गीतों से वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला क्रीड़ा सह सचिव ओमवीर यादव ने किया। समापन पर प्रधानाचार्य करतार सिंह, राजकुमार शर्मा और डॉ. अमलेश गुप्ता ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार जताया।