शारदीय नवरात्र के छठे दिन कात्यायनी मां की पूजा की गई। सुबह से मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी लाइन लगी रही। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर मानौतियां मांगी।
शहर सेसटे सिद्धपीठ नगला मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी के दर्शन कर लाभ कमाया। मंदिर परिसर के बाहर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगना शुरू हो गई जो देर शाम तक लगी रही। मंदिर में दिनभर माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस की भी व्यापक व्यवस्था रही।
----
बंगाली पंडितों ने की मां की पूजा
बदायूं। श्रीश्री मां दुर्गा पूजा महोत्सव युवा कमेटी के तत्वावधान में दुर्गा पूजा महोत्सव के छठे दिन बंगाली पंडितों ने मां दुर्गा जी का अधिवास किया। पूजा की गई। दशमी को मातारानी की प्रतिमा को कछला घाट पर विसर्जित किया जाएगा। मां वैष्णो की गुफा भी बनाई गई, जहां पिंडियों के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
सुबह आठ बजे कमेटी के सदस्यों ने बंगाली पंडित अशोक चक्रवर्ती के सानिध्य में मां दुर्गा जी की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर अधिवास कराया। इसके बाद में मां दुर्गा को पुष्पांजलि दी गई। शाम को नृत्य कलाकारों ने झांकियां प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर कमेटी सदस्य मुकेश वैश्य, सौरभ गुप्ता, नवनीत गुप्ता, आदित्य गुप्ता, विशाल, मोहित, गुलाटी आदि मौजूद रहे।