आग लगने से हुए नुकसान के बाद गमगीन बैठा परिवार। संवाद
बिनावर। दुकान में आग लगने से लाखाें रुपये का नुकसान हो गया है। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजय नगला के रहने वाले दुकानदार कृष्णपाल ने बताया कि दुकान में बेटी की शादी का सामान व 85 हजार रुपये रखे थे, जो जल गए हैं।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजयनगला निवासी कृष्णपाल ने बताया कि बदायूं-बरेली हाईवे किनारे उनका मकान बना हुआ है। मकान के आगे उसने टिन डलवाकर एक लकड़ी के खोखे में परचून की दुकान रख ली थी। शुक्रवार की रात किसी ने उनके खोखे में आग लगा दी। लपटें निकलते देख लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान और रुपये जल चुके थे।
पीड़ित ने मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी है। एसओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आग बुझाने के साथ ही आग लगने का कारण पता किया जा रहा है।