- डीएम ने उद्योग, व्यापार बंधु के सदस्यों की सुनी समस्याएं
उद्योग और व्यापार बंधु की बैठक में डीएम के सामने बैंकों की अनियमितताओं के कुछ मामले सामने आए। व्यवसायी प्रियंका ने डीएम से शिकायत की कि उन्होंने बैंक से आठ लाख रुपये के ऋण का आवेदन किया था, लेकिन बैंक ने ऋण किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया और ऋण वसूली के लिए आरसी उनके नाम जारी कर दी। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम अनिता श्रीवास्तव ने उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोक निर्माण विभाग की शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित अभियंता को सख्त निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले की समस्त सड़कें जल्द ही गड्ढामुक्त होनी चाहिए। डीएम ने बैंक अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी योजना में आवेदन प्राप्त किए जाएं, उनकी जांच के उपरांत पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराया जाए। सरकारी योजनाओं में ऋण वितरण में हीलाहवाली उचित नहीं है। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाएगी।