बिल्सी। तहसील से वायरल हुए एक वीडियो ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में तहसील में तैनात एक कानूनगो यानी राजस्व निरीक्षक कथित तौर पर विभाग के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और सरकारी योजनाओं में होने वाली वसूली को लेकर खुलकर बातें करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो तहसील बिल्सी का है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान राजस्व निरीक्षक के रूप में की जा रही है। वीडियो में वह कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राजस्व विभाग में बिना रुपये कोई काम आसानी से नहीं होता और कई मामलों में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर भी गरीबों से रुपये लिए जाते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल मच गई है। इधर एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी। जांच के बाद ही कुछ निर्णय लिया जाएगा।