बदायूं। भाजपा की जन विश्वास यात्रा सोमवार को कछला होते हुए जिले में प्रवेश करेगी। नेतृत्व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। वह सोमवार पूर्वाह्न सवा 11 बजे कछला पहुंच जाएंगे। यहां से यात्रा में शामिल होंगे। उनके साथ ही केंद्रीय विधि और सामाजिक न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, सांसद संघमित्रा मौर्य, जिला प्रभारी राकेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता भी रहेंगे।
जन विश्वास यात्रा 27 और 28 दिसंबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि यात्रा सोमवार सुबह 11 बजे कछला से शुरू होगी। इसके बाद 12:15 बजे उझानी घंटाघर पहुंचेगी। बिल्सी नगर में दोपहर डेढ़ बजे यात्रा प्रवेश करेगी। दिन में 3:20 बजे इस्लामनगर पहुंचेगी। यहां से शाम पांच बजे बिसौली में तिरंगा चौक पहुंचेगी। यहां से शाम छह बजे वजीरगंज पहुंचेगी। शाम 6:40 बजे शहर में नवादा शहीद भगत सिंह चौक, इसके बाद इंदिरा चौक होते हुए शाम सात बजे इस्लामिया इंटर कॉलेज पहुंचेगी। रात्रि में एक होटल में विश्राम के बाद मंगलवार 28 दिसंबर सुबह 10 बजे फिर से इस्लामिया मैदान में पहुंचेगी। यहां जनसभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल संबोधित करेंगे।
इसके बाद जन विश्वास यात्रा बदायूं से 12:30 बजे इस्लामनगर, 12:45 सखानू, दोपहर एक बजे अलापुर, डेढ़ बजे म्याऊ, दो बजे डहरपुर पहुंचेगी। यहां से दातागंज, समरेर होते हुए बरेली की ओर रवाना हो जाएगी। यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसी क्रम में रविवार को यात्रा संयोजक भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव ने सहसवान में सभा स्थल का जायजा लिया। यहां कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं।
-
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा की तैयारियों को देखा
मंगलवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज में होने वाली जनसभा की तैयारियों का जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, संदीप चौहान, सचिन गुप्ता आदि ने जायजा लिया।
-
डिप्टी सीएम के लिए दो जगह बनाए हेलिपैड
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से हेलिकॉप्टर द्वारा सोमवार को सवा 11 बजे राधेलाल इंटर कॉलेज आएंगे। यहां से वह यात्रा के रथ पर सवार होंगे। दूसरा हेलिपैड बिसौली क्षेत्र में रानेट चौराहे के पास बनाया गया है। यहां से शाम चार बजे वह लखनऊ रवाना हो जाएंगे। उनकी पहली जनसभा सुबह 11 बजे बिल्सी के गांव सिरासौल में होगी। जबकि दूसरी रानेट चौराहा पर होगी।
---
जन विश्वास यात्रा को पुलिस-प्रशासन अलर्ट
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी के दौरान उनके आसपास सुरक्षा का मजबूत घेरा रहेगा। इसके लिए तीन सीओ, एक प्लाटून पीएसी, पांच क्यूआरटी और अन्य पुलिस बल लगाया गया है।
---
क्षेत्र में घूमे भाजपा नेता
उझानी। डॉ. जेपी सिंह सोलंकी, अभिमन्यु सिंह, जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक, जिला मंत्री रानी सिंह पुंडीर ने कई इलाकों के गांवों में भ्रमण कर यात्रा में शामिल होने पर जोर दिया। संवाद
---
चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मी भी मिलेंगे।
बदायूं। सहकारी क्षेत्र की शेखूपुर चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मचारी बकाया भुगतान की मांग को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिलेंगे। रिटायर्ड मिल कर्मी देयकों के भुगतान की मांग को लेकर 56 दिन से मालवीय आवास पर धरना दे रहे हैं। संवाद