अमरजीत, नन्हे कुमार और किशन वीर कांवड़ लेकर अपने गंतव्य को जाते हुए। संवाद
बदायूं। सावन शुरू होने से पहले भोले के भक्त अपनी मंजिल के लिए निकल पड़े हैं। कछला गंगा घाट से मंगलवार को पीलीभीत के तीन मित्र अमरजीत, नन्हे कुमार और किशन वीर कांवड़ लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। तीनों दोस्त छह सालों से लगातार सावन के प्रथम और अंतिम सोमवार को पीलीभीत के शिव मंदिर में जलाभिषेक करते आ रहे हैं।
इस बार भी वह कछला गंगा घाट से 51 लीटर गंगाजल भरकर पैदल निकले हैं। कांवड़ियों ने बताया कि वे छह दिन में पैदल चलकर पीलीभीत पहुंचेंगे। सावन के पहले सोमवार को मंदिर में जल चढ़ाएंगे। तीनों एक टोली में चलते हैं।
अमरजीत ने बताया कि रोज लगभग 25 किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ज्यादा थकान होने पर रास्ते में किसी स्टैंड या पेड़ के नीचे आराम कर लेते हैं। सिर्फ सुबह और शाम में भोजन करते हैं। दिनभर केवल जलपान पर रहते हैं। कांवड़ियों का कहना है कि भोले की कृपा से पिछले छह सालों से बिना किसी रुकावट के वे यह यात्रा पूरी कर रहे हैं।