बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) केशव कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के अफसरों की बैठकों ली। उन्होंने विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और कई सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जिला पोषण मिशन की समीक्षा में खराब प्रदर्शन के आधार पर 59 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्ति के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
सीडीओ ने बताया कि चेहरा प्रमाणीकरण प्रणाली में इन कार्यकर्ताओं की उपलब्धि पांच प्रतिशत से भी कम है। जिले में 2,11,182 लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 58.76 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो सका है। उन्होंने निर्देश दिए कि बचे हुए लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ईपीसी मोड के तहत 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में जिले को 50 कार्यक्रमों में ए रैंकिंग आयी है। जबकि छह में बी, तीन में सी और दो में डी रैंकिंग मिली है। 26 कार्यक्रमों में कोई रैंकिंग नहीं मिली, जो चिंता का विषय है। वृक्षारोपण समिति की बैठक में सीडीओ ने बताया कि 53.75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया और 84.58 प्रतिशत की जियो टैगिंग भी हो चुकी है। जिला गंगा समिति की बैठक में वेटलैंड चिह्नांकन, सीवेज प्रबंधन पर कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्र समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।