बदायूं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर बढ़ने लगी है। इन दिनों लगभग रोजाना ही संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को तीन संक्रमित मिलने के बाद मंगलार को भी दो और संक्रमित मिले हैं। इस तरह जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या बढ़ कर अब नौ हो गई है। मंगलवार को टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 1.57 हो गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1925 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट बुधवार को जाएगी। गौर करने वाली बात यह है कि संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के बाद भी लोग पर्याप्त सावधानी नहीं बरत रहे। अस्पतालों में भी मास्क और दो गज की दूरी के नियम का पालन नहीं हो रहा।
पिछले महीने तक जिले में संक्रमण के छिटपुट मामले ही सामने आ रहे थे। जून के पहले सप्ताह में जिला कोरोना मुक्त हो गया था, लेकिन दूसरे सप्ताह से एक बार फिर से संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी। हालांकि, गति बेहद धीमी और संक्रमण खतरनाक न होकर मौसमी है। रविवार को शहर में नेकपुर गली नंबर तीन, आदर्श नगर और खेड़ा बुजुर्ग में एक महिला समेत तीन संक्रमित मिले थे। मंगलवार को शहर के मोहल्ला जालंधरी सराय में एक महिला और सनाय गांव में एक युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। दोनों को होम क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग टीम ने इनके संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं।
मंगलवार को जिले में कुछ 1925 सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या नौ होने के साथ मंगलवार को टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 1.57 पर पहुंच गया। हालांकि, सभी संक्रमितों की स्थिति सामान्य है। किसी का अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं महसूस हुई। कोरोना की पहली लहर से अब तक जिले में 18039 संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक 101 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।
-
सर्दी-जुकाम पीड़ितों में संक्रमण अधिक
कोरोना संक्रमण बढ़ने की रफ्तार भले ही धीमी है, लेकिन इस बार मौसमी बीमारियों का शिकार लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हो रही है। सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में खराबी संबंधी समस्याओं के शिकार लोग भी कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं, हालांकि पांच से सात दिन में स्वस्थ भी हो रहे हैं। हाल ही में दिनों में जिला अस्पताल की ओपीडी में खार्दी-खांसी की दवा लेने आए लोग भी जांच में संक्रमित पाए जा चुके हैं। ज्यादातर ट्रेसिंग के दौरान यह भी सामने आया है कि ज्यादातर संक्रमित सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराबी से परेशान थे। इन दिनों यह मौसमी बीमारियां हैं, लेकिन जांच कराने पर इनको संक्रमण की पुष्टि हुई। नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम का कहना है कि टीकाकरण के साथ सावधानी भी जरूरी है।
-
दो नए संक्रमित मिलने के साथ जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 1.57 प्रतिशत है। नए मिले रोगियों को ट्रेस करने के बाद इनके संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। सभी रोगियों को होम क्वारंटीन किया गया है।
-डॉ. रजनीश शर्मा, कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड- 19