बदायूं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को एक महिला समेत तीन संक्रमित मिलने के बाद सक्रिय रोगियों की संख्या आठ हो गई है। दो रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। नए संक्रमित मिलने वाले सभी रोगियों को होम क्वारंटीन किया गया है।
पिछले महीने बदायूं कोरोना मुक्त हो गया था, लेकिन जून के दूसरे सप्ताह से संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी। इस सीजन में तीन संक्रमित मिलने का यह पहला मामला है। रविवार को मिले संक्रमितों को नेकपुर गली नंबर तीन, आदर्श नगर के युवकों के साथ खेड़ा बुजुर्ग की एक महिला शामिल है। रोगियों की संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ट्रेस एंड ट्रैकिंग टीम ने इनको ट्रैस करने के बाद संक्रमितों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए हैं।
ट्रेस एंड ट्रैकिंग ऑफीसर कोविड- 19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि सभी संक्रमितों की स्थिति सामान्य है। किसी को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं हुई है। संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। रविवार को दो संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं।