बदायूं। बाल विकास परियोजना समरेर क्षेत्र के 198 अति कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम ब्लॉक परिसर में किया गया। इसमें सभी बच्चों का आयुष पद्धति से स्वाथ्य परीक्षण करवाया गया। डीएम की प्रेरणा व सीडीओ के निर्देशन में समरेर ब्लॉक में यह अपनी तरह का अलग अभिनव प्रयोग हुआ, जिसमें 171 बच्चों को एक साथ स्वर्णप्राशन दिया गया।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्णप्राशन कार्यक्रम प्रदेश का यह पहला और अनोखा है। उन्होंने कहा कि जनता को इस कार्यक्रम का लाभ अवश्य मिलेगा। जो छोटे-छोटे बच्चे अक्सर बीमारियों में ग्रस्त रहते हैं यह अवसर उनके लिए काफी लाभकारी होगा। शासन द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भांति इस कार्यक्रम का लाभ सभी तक पहुंचेगा। यह कार्यक्रम प्रतिमाह आयोजित किया जाएगा। इसलिए सभी लोग अपने नवजात बच्चों का स्वर्णप्राशन अवश्य कराएं। इसके प्रयोग से बच्चे मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे। बीमारियों से लड़ने में यह बेहद लाभकारी साबित होगा।
डीएम दीपा रंजन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से लोगों को बहुत लाभ मिलेगा, यह महंगी दवा है, जोकि आपके नवजात बच्चों को निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसलिए अपने बच्चों को अवश्य पिलाएं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि माता-पिता बच्चों के शारीरिक विकास के लिए पूरा प्रयास करते हैं। इसी के दृष्टिगत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सीडीओ ऋषिराज ने भी अभिभावकों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर व सहायकों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई दो- दो साड़ियों का वितरण भी डीएम ने किया।