जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी लाइन। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल खुला तो यहां ओपीडी में मरीजों की लाइन लग गई। इन दिनों सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार संबंधी ज्यादा रोगी अस्पताल पहुंच रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में सात सौ से ज्यादा रोगी पहुंचे। सुबह के वक्त तो ओपीडी में भीड़ कम थी, लेकिन दोपहर में धूप खिलने के बाद भीड़ बढ़ गई।
पिछले कई दिनों से मौसम का रुख लगातार बदल रहा है। कोहरा, बारिश और बूंदाबांदी के साथ सर्द हवाएं भी परेशान कर रहीं हैं। इस कारण सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। पिछले कई दिनों से दिन भर बादल छाए रहने और शीतलहर के प्रकोप के बाद रविवार को मौसम में मामूली सुधार हुआ था। इसके बाद सोमवार को भी दिन में धूप खिली। सोमवार को मौसम साफ होने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया। सुबह के वक्त तो ओपीडी में रोगियों की संख्या कम थी, लेकिन बाद में धूप निकलने के बाद रोगियों की संख्या में इजाफा हो गया।
सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने बताया कि इन दिनों मौसमी बीमारियों के शिकार ज्यादा रोगी पहुंच रहे हैं। खासकर सर्दी, जुकाम और खांसी जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। बदलते मौसम में सावधानी बरतकर स्वस्थ रहा जा सकता है। संवाद