बदायूं। जिले में कोरोना के सक्रिय संक्रमितों की संख्या अब 500 से नीचे आ गई हैं। सोमवार को जिले में 90 नए रोगी मिले हैं। इसके साथ ही 65 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या अब 492 हो गई है।
पिछले दिनों कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी ज्यादा थी। इसके चलते जिले में संक्रमितों की संख्या एक हजार के ऊपर पहुंच गई थी। एक सप्ताह से संक्रमण की रफ्तार कम होने के साथ ही स्वस्थ होने वाले संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या 500 से नीचे आ गई है। रविवार को जिले में अलग-अलग स्थानों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 772 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट सोमवार को आ गई। इनमें 80 लोग संक्रमण का शिकार निकले हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 72 लोगों को सोमवार को ट्रेस करने के बाद इनके सैंपल लिए गए हैं। 11 संक्रमित दूसरे जिलों के हैं।
-
हजरतपुर पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट की मौत
दातागंज (बदायूं)। हजरतपुर सीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट की रविवार को मौत हो गई। उसको लेकर कई चर्चाएं भी चल रही हैं। कहा जा रहा है कि 26 जनवरी को फार्मासिस्ट ने कोरोना की जांच कराई थी।
मैनपुरी के थाना छिबरामऊ के गांव विष्णुधर निवासी रविकांत यादव स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट थे। करीब डेढ़ साल की उनकी तैनाती हजरतपुर पीएचसी पर थी। वह दातागंज सीएचसी में बने आवासों में अपने मित्र शैलेंद्र सिंह के यहां रहते थे। 25 जनवरी को रविकांत यादव विधानसभा चुनाव के प्रशिक्षण में शामिल हुए थे। बताते हैं कि 26 जनवरी को उन्होंने कोरोना की जांच कराई। अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई और रविवार को उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने शोकसभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड 19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि फार्मासिस्ट की मौत की कोई और वजह है। वह कोरोना पॉजिटिव नहीं थे। संवाद