बदायूं। जिला अस्पताल में टीएनएम कंपनी के तहत लगे 14 संविदा कर्मचारियों की आखिरकार सेवाएं समाप्त हो ही गईं। उन्होंने नौकरी बचाने के काफी प्रयास किए थे। एक दिन पहले शासन स्तर से आए पत्र के अनुसार उन्हें नोटिस दिया गया। गुरुवार को उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
वैसे तो अस्पताल में टीएनएम के तहत करीब 60-65 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें स्टाफ नर्स से लेकर वार्ड ब्वाय, प्लंबर, स्टोर कीपर, फार्मेसिस्ट, लैब टेक्नीशियन, रजिस्ट्रेशन क्लर्क समेत कई पदों पर तैनात हैं। करीब पांच माह पहले चर्चा शुरू हुई थी कि टीएनएम के तहत लगे सभी कर्मचारियों को हटाया जाएगा। इस पर कर्मचारियों ने संगठन बनाकर प्रदर्शन किया और अपनी नौकरी बचाने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा था। बाद में निर्देश आए कि नॉन पैरामेडिकल स्टाफ की सेवाएं समाप्त की जाएंगी। बुधवार को संविदा कर्मचारी फार्मेसिस्ट अंसार हुसैन, लाखन सिंह, रजिस्ट्रेशन क्लर्क शशांक तिवारी, जोयब अनवर, आसिफ, सुरेंद्र, रूबी खान, गौरव, सलमान, स्टोर कीपर राजीव, प्लंबर सर्वेश भारती, मोर्चरी अटेंडेंट अनुज, ईसीजी टेक्नीशियन शिवानी अग्निहोत्री, सीएसएसडी टेक्नीशियन हरीश शाक्य को नोटिस दिया गया। गुरुवार को उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। सीएमएस डॉ. बीबी पुष्कर ने बताया कि 14 कर्मचारियों की शासन स्तर से सेवाएं समाप्त हुई हैं।