बदायूं। नगर पालिका प्रशासन और अफसरों की लाख मिन्नत के बाद भी सफाई कर्मचारी हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हुए। बुधवार को पूरे दिन इसके लिए कवायद चलती रही। एसडीएम से लेकर चेयरमैन तक आश्वासन देकर हार गए पर नतीजा नहीं निकला। पालिका का दावा है कि अक्तूबर तक का वेतन खाते में देने के साथ ही बोनस का अंश भी दे दिया है पर कर्मचारी नहीं मान रहे। प्रशासन अब सख्ती के मूड में है तो सफाईकर्मी उपेक्षा का आरोप लगा रहे हैं।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजूदर संघ के बैनर तले शहर नगर पालिका के कर्मचारी अपने बकाया देय की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार सुबह एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा, तहसीलदार करनवीर सिंह, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने इन लोगों से वार्ता की पर सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।
इधर, उत्तर प्रदेशीय सफाई मजूदर संघ के नगर महासचिव लव कुमार ने कहा कि पालिका प्रशासन गुमराह कर रहा है। जो अक्तूबर माह का वेतन दिया है, वह पूरा नहीं है। ये लोग बोनस देने की बात कह रहे हैं अभी हमारे खाते में नहीं आया है। सफाई कर्मचारियों का कोई समझौता नहीं हुआ है। हड़ताल लगातार जारी है। संवाद