उझानी। वंदन योजना के तहत हनुमान गढ़ी मंदिर का जीर्णोद्धार होगा। प्रदेश सरकार ने स्थानीय स्तर के प्रस्ताव का स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ कर दिया है। जीर्णोद्धार पर 1.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
करीब सौ साल पुराना हनुमान गढ़ी मंदिर रेलवे स्टेशन रोड पर भदवारगंज इलाके में स्थित है। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सेवादार करते हैं, लेकिन परिसर में हॉल समेत विश्रामालय समेत श्रद्धालुओं के अनुरूप सुविधा की कमी काफी पहले से महसूस की जा रही है। मंदिर के सेवादारों में अरुण अग्रवाल और अमित अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव डीएम निधि श्रीवास्तव के जरिये शासन को भेजा गया था। इसे शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जीर्णोद्धार के तहत मंदिर परिसर में 1.22 करोड़ रुपये में से करीब 78 लाख रुपये की लागत से हॉल का निर्माण होगा। विश्रामालय और प्रसाद वितरण के लिए अलग कक्ष बनेगा। आसपास की सड़क के उच्चीकरण के अलावा परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट लगेंगी। सेवादारों में अवधेश गोयल ने बताया कि जीर्णोद्धार का काम अगले महीना शुरू होने के आसार हैं। इसके लिए विभागीय स्तर से अभिलेखीय प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी शासन स्तर पर पहुंच चुकी है। धनराशि भी इसी महीने अवमुक्त होने के आसार हैं।
-
हर साल दो-तीन बार होते हैं बड़े धार्मिक कार्यक्रम
- हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर के प्रति लोगों में अटूट आस्था है। मंदिर के वार्षिकोत्सव और हनुमान जयंती के अलावा साल में दो बार बड़े स्तर के धार्मिक आयोजन होते हैं। इसके अलावा साल के पहले दिन नीम करौरी महाराज का महोत्सव और भंडारा होता है। कार्यक्रमों के सेवादार कहते हैं कि कायाकल्प के बाद धार्मिक कार्यक्रम में आने वाले भक्तों को सहूलियत मिलेगी। उन्हें विशेष आयोजन के लिए परिसर के बाहर नहीं भटकना होगा। मंदिर के पुजारी को भी आशियाना मिल जाएगा।