नगर में रविवार को हनुमान जयंती शोभायात्रा का हर्षोउल्लास से आयोजन किया गया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक और स्वचालित झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। बैंड-बाजों की भक्तिमय धुनों से माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पवनपुत्र की आरती उतारी गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्घालुओं ने खूब गुलाब उड़ाया। मुख्य तिराहे पर पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा पंचमुखी हनुमान मंदिर और ब्रह्मदेव धाम समिति के तत्वावधान में दोपहर दो बजे पंचमुखी हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। पुजारी प्रमोद शर्मा और टीएन वांगड़ा ने मंत्रोच्चारण किया। मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व ब्रज प्रदेश प्रभारी राजेश कुमार सिंह, समाजसेवी सुनील सचदेवा ने देव स्परूपों को विराजमान कराया।
शोभायात्रा बाजार कलां, साहूकारा, किलाखेड़ा, बिल्सी रोड, बदायूं रोड, स्टेशन रोड, पुरानी अनाज मंडी आदि स्थानों पर भ्रमण के बाद पुन: पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। शोभा यात्रा में एटा, कासगंज, कानपुर समेत कई जिलों के काली अखाड़े शामिल हुए। काली अखाड़ों और सरदारों के करतब देखकर लोग दंग रह गए। भजनों की धुन पर लोगों ने खूब अबीर और गुलाल उड़ाया। पुरुषोत्तम वाष्र्णेय के प्रतिष्ठान पर भक्तों को जलपान कराया गया। शोभायात्रा में राजेंद्र प्रसाद बाबा, नितिन साहू, उमाशंकर गोस्वामी, प्रदीप शर्मा, अंकुर, संजय मित्तल, अमित प्रताप, संजीव गुप्ता, धर्मेंद्र, केशव गर्ग, कमल यादव, अमित माहेश्वरी, गिरीश, बिट्टू सचदेवा, अनिल, संजय आदि का सहयोग रहा।
----
मुस्लिम समुदाय ने की पुष्प वर्षा
उझानी। हनुमान जयंती शोभायात्रा पर बिल्सी रोड के पास पुष्प वर्षा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सदभावना का परिचय दिया। हिंदू-मुसलमान दोनों समुदायों ने मिलकर खुशी मनाई। मुस्लिम समाज की इसके लिए आयोजन समिति ने प्रशंसा की है।
-----
टिकट के दाबेदार भी पहुंचे दल-बल के साथ
उझानी। हनुमान जयंती शोभायात्रा भले ही धार्मिक आयोजन था, लेकिन बिल्सी विधान सभा से टिकट के गई दाबेदार भी इसमें दल-बल के साथ शामिल हुए। इनमें पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, उमेश राठौर, राजेश कुमार सिंह, अनूप सिंह पटेल आदि शामिल रहे।
-----
कई थानों की पुलिस के साथ लगाई गई पीएसी
उझानी। दो साल पहले शोभायात्रा के दौरान कस्बे में बवाल हो गया था। दो पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग में एक भाजपा नेता समेत कई लोग घायल हुए थे। पुरानी घटना से सबक लेते हुए पुलिस ने शोभायात्रा में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। सिविल लाइंस, कादरचौक, उसहैत समेत कई थानों की पुलिस के साथ एक प्लाटून पीएसी को भी लगाया गया। एसडीएम सदर प्रदीप यादव, सीओ जेएस पाटनी भी शोभायात्रा पर नजर बनाए रहे।