दातागंज। बाइक से नानी को लेकर दातागंज आ रहे युवक की बाइक गड्ढे में उछल गई। इससे उसकी नानी सिर के बल सड़क पर जा गिरी। यहां सीएचसी पर उन्हें लाया गया लेकिन गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। बरेली इलाज काे ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव सुंदर नगर निवासी देवेंद्र अपनी नानी प्रेमवती (50) पत्नी फूलचंद को लेकर बाइक से दातागंज की बाजार करने आ रहे थे कि रास्ते में सड़क में गड्ढा था और बाइक की रफ्तार तेज थी। गड्ढे में आकर बाइक उछली तो उसकी नानी गिर गई। गिरते ही वह बेहोश हो गई। घटना के समय कुछ लोग जो उस रास्ते से निकल रहे थे, वे रुक गए।
फोन पर धेवते देवेंद्र ने ही गांव में सूचना दी। गांव से घर-परिवार के लोग भी आ गए। गंभीर हालत में प्रेमवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज लाया गया। लेकिन प्रेमवती के सिर में चोट आने के कारण हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के लोग उन्हें बरेली इलाज को ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में अभी पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं हुई है। बाइक से गिरी महिला की मौत हो जाने के कारण उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।