बदायूं। जिले में पुलिया और सीसी रोड निर्माण कार्य अब तेजी पकड़ेंगे। करीब 92 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्यों के लिए शासन ने दूसरी किस्त जारी कर दी है। धनराशि मिलने के बाद अधूरे कार्यों को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
जिले के बसपुर फिरोजपुर मार्ग से फततनपुर ठप्पा हवेली मार्ग पर सड़क मरम्मत के साथ सीसी रोड व नाली का निर्माण 40.32 लाख रुपये से होना था। पहली किस्त मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन बजट की अगली किस्त जारी न होने से कई परियोजनाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। अब शासन से दूसरी किस्त जारी होने के बाद संबंधित विभागों ने कार्यों को जल्द पूरा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर से कछला-ननाखेड़ा मार्ग पर 51.67 लाख रुपये पुलिया को निर्माण कराया जाना था। इसके लिए भी शासन स्तर से 15 लाख रुपये दूसरी किस्त के रूप में जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार बारिश का मौसम नजदीक होने के कारण निर्माण कार्य समय पर पूरा कराना प्राथमिकता है। खराब सड़क और जर्जर पुलियां की वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान यह परेशानी और बढ़ जाती है। नई पुलिया बनने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, जबकि सीसी रोड बनने से लोगों को कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।