एक्सप्रेस-वे के संबंध में कलक्ट्रेट में बैठक लेतीं डीएम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। गंगा एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करने पीएम मोदी 18 दिसंबर को शाहजहांपुर आ रहे हैं। बदायूं में अधिग्रहण का करीब 96 फीसदी काम हो चुका है। करीब चार फीसदी भूमि का अधिग्रहण बाकी है। शासन स्तर से बढ़े दबाव के बाद डीएम ने बैठक लेकर एसडीएम, तहसीलदार को अधिग्रहण का काम हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है कि जरूरत के आधार पर गांवों में कैंप लगाकर बैनामे कराए जाएं, लोगों को नकद भुगतान किया जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में गंगा एक्सप्रेस वे के भूमि अधिग्रहण के संबंध में डीएम दीपा रंजन ने निर्देश दिए कि गंगा एक्सप्रेस-वे के तहत जिन ग्रामीणों के भुगतान लंबित हैं, उनको प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं। डीएम ने कहा कि भूमि अधिग्रहण का कार्य अब भी शेष है। वहां तहसीलदारों, कानूनगो व लेखपाल जाकर इन कमियों को दूर कर भूमि अधिग्रहण का कार्य कराया जाए। एडीएम एफआर संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि एसडीएम, तहसीलदार कोर्ट में जो भी मामले लंबित हैं। उनका निस्तारण कराया जा रहा है। गांवों में जरूरत के मुताबिक कैंप लगाए जा रहे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने बताया कि जिले को 945 करोड़ रुपये धनराशि मिली थी। इसमें से 899 करोड़ धनराशि का वितरण किया जा चुका है। साथ 12 करोड़ धनराशि बची है। उसका भी बहुत जल्द वितरण कराया जाए। इसे लेकर गांव में कैंप लगाए जा रहे हैं। दातागंज के कुंडरा गांव में कैंप लगाकर एक बैनामा कराया गया। संवाद