आंकड़ेबाजी में फंसा स्वास्थ्य महकमा बुखार को कंट्रोल करने में अब तक असफल रहा है। पिछले 24 घंटों में बुखार से 14 और लोगों की मौत हो गई। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 158 तक पहुंच चुकी है।
जिले का संवदेनशील ब्लाक जगत क्षेत्र के ग्राम कंडेला में बुधवार सुबह मलेरिया ग्रस्त सलामत शाह (22), वीरपाल सिंह चौहान (60) और नीलम (20) पुत्री रामबाबू की मौत हो गई। दूसरे संवेदनशील ब्लाक समरेर क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर कौंर में बुधवार सुबह नफीसा (35) पत्नी अलाउद्दीन और शशी (4) पुत्री रामाशंकर की बुखार से मौत हुई। वहीं दातागंज ब्लाक के ग्राम सराय पिपरिया निवासी भानु (18) पुत्र सत्यपाल ने मंगलवार रात एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इनके अलावा वजीरगंज के वार्ड नंबर पांच निवासी मुन्नालाल (50) को मंगलवार शाम तेज बुखार आया था। परिवार वाले उन्हें लेकर बरेली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मुन्नालाल की मौत हो गई। आसफपुर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बीधा नगला में मंगलवार रात शकीना (42) पत्नी जुल्फिकार की मौत हो गई। उनकी बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सालारपुर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम फकीराबाद निवासी हंसराज (55) की बुखार से बुधवार सुबह मौत हो गई। उनके परिवार वालों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है। इधर, दातागंज ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मुड़सेना निवासी सोनपाल (45) अनूप की बुधवार सुबह बुखार से मौत हो गई। ग्राम डहरपुर निवासी राजेंद्र वर्मा (70), कोकिला देवी (70) और लडैती देवी (65) को पिछले कई दिन से बुखार आ रहा था। तीनों ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।