उझानी। निकाह के बाद दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे में नझियाई मोहल्ले की अंसारी काॅलोनी निवासी परवेज ने बेटी नाजिश का निकाह करीब चार साल पहले कासगंज जिले में सहावर के बब्बू हुसैन के साथ किया था। आरोप है कि निकाह के बाद शौहर समेत उसके घरवाले नाजिश का बाइक के लिए परेशान करने लगे। उन्हें समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह बाइक लाकर देने की जिद पर अड़े रहे। आरोप है कि पिछले साल नाजिश का मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। आरोपियों को डेढ़ साल की मासूम अलीशा की परवरिश का भी ख्याल नहीं आया। नाजिश और अलीशा को घर से निकालने के बाद बब्बू और उसके घरवाले दूसरा निकाह कर लेने की धमकी दे रहे हैं। परवेज ने बबलू के अलावा उसके पिता रज्जाक, बहन राविया और बारिस मियां को नामजद कराया है। संवाद