जलालाबाद स्थित परशुराम मंदिर के महंत से आशीर्वाद लेते अलंकार अग्निहोत्री। संवाद
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। नौकरशाह से नेता बने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री शुक्रवार की शाम भगवान परशुराम की शरण में पहुंचे। उन्होंने भगवान परशुराम की जन्मस्थली जाकर पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सवर्ण विरोधी सरकारों को हटाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। देश और प्रदेश में गैर सनातनी तंत्र स्थापित हो चुका है। मुसलमानों से भेदभाव के बाद अब सरकार सनातनी समाज में खाई पैदा करने में जुटी है, लेकिन इन प्रयासों को किसी भी दशा में सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सनातन व्यवस्था में विश्वास रखने वाले लोग लगातार उनकी पार्टी से जुड़ रहे है। इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी, सभासद मनोज अग्निहोत्री, वीरेन पाठक, अजय त्रिपाठी, सुमित मिश्रा आदि मौजूद रहे।
-
शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया
शाहजहांपुर। पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने शाहजहांपुर पहुंचकर नगर निगम कार्यालय के बाहर स्थापित अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इससे पहले एक होटल में हुए कार्यक्रम में कहा कि सोची-समझी रणनीति के तहत यूजीसी के जरिये सामान्य वर्ग के बच्चों को गर्त में धकेला जा रहा है। ऐसे में अब स्वर्ण समाज को भी राजनीति के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सत्ता सुख के चलते यूजीसी जैसे काले कानून का विरोध सवर्ण समाज के लोग नहीं कर पा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने विचार रखे। सेंट्रल बार एसोसिएशन शाहजहांपुर के पूर्व अध्यक्ष नारायण दत्त त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। संवाद