सूर्यदेव की तपिश रही कम, एक डिग्री गिरा तापमान
बुधवार को धूप निकलने से लोगों को दिन में ठंड और ठिठुरन से राहत मिली लेकिन शाम होते ही कोहरा और शीतलहर चलने से लोगों की कंपकपी छूटती रही। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने आग जलाकर, हीटर आदि से बचाव किया। वहीं, मौसम के अचानक करवट लेने से बाजार और सड़कों पर लोग ठिठुरते नजर आए। सर्दी से बचनेे के लिए ओवरकोट, जैकेट्स, मफलर, टोपा सहित पहनकर निकले।
बुधवार को सुबह से कोहरा और शीतलहर चलने से मौसम अधिक सर्दीला हो गया। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। मौसम में आए अचानक बदलाव की वजह से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। इसका असर शहर के जनजीवन पर भी नजर आया। शहर में दिन में भी लोगों ने अलाव जलाकर खुद राहत देने का काम किया। हालांकि दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिली, जिससे लोगों को खासी राहत का एहसास हुआ। वहीं, शाम ढलने के बाद फिर से गलन होने लगी, जिससे बचने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से अलाव जलवाए गए, लेकिन यह सब भी नाकाफी साबित हुआ। घरों से लेकर सरकारी और निजी दफ्तरों में चाय, कॉफी और पकौड़ी के दौर खूब चले।