बिसौली। गांव भगतपुर में शुक्रवार को हाईइटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पशुओं के नीचे सफाई कर रही दादी और उनकी नातिन गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गांव निवासी शांति (58) पत्नी रामदास घर पर बंधी भैंसों के बंधने के स्थान पर सफाई कर रहीं थीं। इस दौरान उनकी नातिन रीना पुत्री राम खिलाड़ी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक ऊपर से हाइटेंशन लाइन का तार नीचे गिर पड़ा। तार के टूटने से करंट फैलते ही पांचों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। शांति और रीना गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हाइटेंशन लाइन के तार टूटने की सूचना पर नायाब तहसीलदार अंगराज सिंह और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया।