उझानी। ननिहाल में रह रहे युवक का शव संदिग्ध हालात में खेत में बनी झोंपड़ी में चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों ने शव को देखकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी करने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव अथइया की है। कासगंज जिले के रामपुर के मूल निवासी गौतम सिंह (18) पुत्र जयपाल यहां अथइया स्थित ननिहाल में रहते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मामा मानपाल ने पुलिस को बताया कि गौतम बृहस्पतिवार शाम घर से अचानक कहीं चले गए थे। रात में वह नहीं लौटे तो खोजबीन की गई।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने गौतम का शव खेत पर बनी झोंपड़ी में चारपाई पर पड़ा देखा। ग्रामीणों से मानपाल समेत परिवार के अन्य लोगों को गौतम की मौत के बारे में पता लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तो मानपाल ने घटनाक्रम से अवगत कराया। मानपाल ने गौतम की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
इससे पहले गांव में शोर मचा कि गौतम का शव झोंपड़ी में फंदे से लटका मिला है। मौके पर जुटे कुछ ग्रामीणों ने शव उतारकर चारपाई पर रख दिया है। मानपाल ने भांजे की किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है, उनमें आत्महत्या का पहलू भी शामिल है।
सीओ सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।