बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लोची नगला में मुकदमेबाजी की रंजिश में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने कई राउंड फायरिंग की। मौके पर पुलिस पहुंची तो आरोपी पक्ष भाग गया। पुलिस आरोपी पक्ष की तलाश में जुट गई है।
मोहल्ला लोची नगला निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के एक व्यक्ति और उसके दो बेटों से उसकी रंजिश है। इसको लेकर दोनों के बीच मुकदमे भी चल रहे हैं। आरोप है कि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कोतवाली में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मुकदमों में सौरभ व उनके पिता आनंद गवाह हैं। इसको लेकर इन आरोपियों के खिलाफ गवाही देने को लेकर कुछ दिन पहले कोर्ट से समन आया था। इस वजह से आरोपी पक्ष उन्हें गवाही न देने का दबाव बना रहे थे। उनके पिता आनंद ने इसका विरोध किया। इससे चलते शुक्रवार रात नौ बजे सौरभ जब अपने घर जा आ था। तभी तीनों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकाने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। वह खुद को बचाने के लिए भागने लगे तो आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। इससे वह बाल-बाल बच गए।
लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के आते ही आरोपी पक्ष घर भाग गए। सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन फायरिंग के साक्ष्य नहीं मिले। पुलिस आरोपी पक्ष की तलाश कर रही है। कार्रवाई की जाएगी।