कुंवरगांव। थानाक्षेत्र के कालिया काजिमपुर गांव में एक ग्रामीण ने अपने बेटे और बहू पर गोवंश को पीटने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की है। गोवंश को पीटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कालिया काजिमपुर के हरिपाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा गांव के छुट्टा गोवंशों को पकड़कर घर ले आता है। जब तक गोवंश दूध देती है, तब तक उन्हें रखता है। इसके बाद वह उसे छोड़ देता है। जब गोवंश दूध देने से बिदकते है तो उन्हें लाठी डंडे से बेरहमी से मारता है। इसमें उसकी पत्नी भी साथ देती है। वह गोवंशों को भूखा प्यासा रखता है।
पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके बेटे को पकड़ लिया। पूछताछ में पता कि उसका अपने पिता से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद है। इसको लेकर उसपर आरोप लगाए गए है, लेकिन आरोपी के गोवंश को पीटने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इसको लेकर पशु प्रेमी विक्रेंद्र शर्मा ने पुलिस के एक्स हैंडल पर शिकायत की है। वीडियो में आरोपी गोवंश को डंडे से बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है, लेकिन इस मामले में देर शाम तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र से पूछताछ की गई है। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।