पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज में छात्रा को एचपीवी टीकाकरण लगने के बाद में छात्रा से बात करते स
बदायूं। पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीके के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से बिना किसी भ्रम के टीकाकरण कराने की अपील की। कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इसके कोई भी गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम व डॉ. मोहम्मद तहसीन ने भी टीकाकरण के महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। सीओ सिटी राहुल पांडे, महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह ने छात्राओं को नारी सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानून व सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 102, 108, 112, 1090 और 1930 के बारे में बताया। कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अंबिका शर्मा, दीप्ति मिश्रा ने छात्राओं का टीकाकरण किया। प्रधानाचार्य अमिता आलोक ने छात्राओं के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस मौके पर अनीता सोनी, पूनम यादव, किरण बाला, नीलम आर्य, कुसुम राठौर, सीमा आर्य आदि मौजूद रहे।