बदायूं। यूपीसीए की ओर से आयोजित अंडर-19 चैंपियन ट्रॉफी के लिए बदायूं के अरुण कुमार का बल्लेबाज के रूप में चयन हुआ है।
बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष बाबू शर्मा ने बताया कि पिछले माह ग्रेटर नोएडा में हुए सुपर इंटर जोन लीग मैचों में अरुण ने लखनऊ जोन की बी टीम से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बुलंदशहर के खिलाफ पहले मैच में 56 रन और इलाहाबाद के खिलाफ दूसरे मैच में 65 रन की पारी खेली।
तीसरे मैच में मेरठ के खिलाफ उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। अपने खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने वाले अरुण को चयनकर्ताओं ने स्वयं बुलाकर परिचय लिया और उनकी बल्लेबाजी की सराहना की।
यूपीसीए के सीनियर चेयरमैन व बरेली जोन के सचिव कर्नल सीताराम ने स्वयं उन्हें चयन की सूचना दी। अध्यक्ष दीपक सक्सेना और ओपी कोहली ने भी अरुण कुमार को बधाई दी। अरुण मूल रूप से भरतपुर गांव जिला बदायूं के निवासी हैं।