उझानी। तीन साल पहले उधार लिए 1.80 लाख रुपये पड़ोसी महिला को नहीं लौटाए गए। महिला और उनके परिजनों ने ज्यादा जोर डाला तो 20 हजार रुपये देकर बाकी की रकम 1.60 लाख रुपये तीन महीने में चुकाने का समझौता कर आरोपी पिता-पुत्र मुकर गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धमकाने और धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
धोखाधड़ी की शिकार पूजा तोमर गौतमपुरी मोहल्ला निवासी मुनेंद्र सिंह की पत्नी हैं। आरोप है कि बाइपास के नजदीक नई बस्ती निवासी अरविंद और रजत ने मकान खरीदने के लिए वर्ष 2022 तक पांच बार में 1.80 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बाद कई बार पूजा ने रुपये लौटाने को कहा, लेकिन पिता-पुत्र ने गौर नहीं किया।
पूजा ने पुलिस से शिकायत की तो आरोपी पिता-पुत्र ने 20 हजार रुपये देने के बाद यह कहते हुए समझौता कर लिया कि वह तीन महीने में शेष 1.60 लाख रुपये चुका देंगे। इसके बाद भी पूजा को बाकी की रकम नहीं लौटाई गई।
बार-बार तकादा करने से बिफरे आरोपी पिता-पुत्र ने पूजा को जान से मारने की धमकी भी दी। पूजा ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की। कार्रवाई नहीं होने पर पूजा ने मुख्यमंत्री, डीजीपी और एसएसपपी से भी गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने अरविंद और रजत के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोन से ज्यादा रुपये वसूलने में तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बछेड़ा निवासी विक्रम ने बेटी की शादी के दौरान निजी फाइनेंस कंपनी से लोन लेकर बाइक खरीदकर दामाद खेड़ा शहजादनगर निवासी सुबोध को दी थी। इसके बाद वह लोन की सभी किश्तें नहीं चुका पाए। आरोप है कि दामाद के रिश्तेदार प्रवेंद्र 22 अक्तूबर की दोपहर किसी काम से बाइक लेकर उझानी कोतवाली क्षेत्र के गुराई गए तो फाइनेंस कंपनी के लोन वसूली कर्मी भूपेंद्र और संदेश ने रास्ते में बाइक छीन ली।
सुबोध ने बकाया 19 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर दिए। उधर, वसूली कर्मियों ने बाइक कादरचौक में भोजपुर की प्रधान के पति अभय प्रताप के पास गिरवी रख दी। वहां भी सुबोध को करीब 12 हजार रुपये चुकाने पड़े। पुलिस ने विक्रम की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।