बदायूं। गेहूं कटान तेज होने के साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि के समतलीकरण का काम भी जोर पकड़ रहा है। सदर तहसील के बिनावर और दातागंज के डहरपुर कलां में काम शुरू कराने के बाद अब बिसौली में काम शुरू कराने की तैयारी है। जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे 85 गांवों से गुजरते हुए 95 किमी दूरी तय करेगा।
गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि समतलीकरण का काम दस अप्रैल से बिनावर के गांव कुतुबपुर थरा से शुरू किया गया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेड ने दातागंज तहसील के गांव डहरपुर कलां में शुरू कर दिया। अब बिसौली में काम शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए साइट लगभग तय कर ली गई है। कार्यदायी संस्था के अधिकारी बदायूं में पूरे 95 किमी क्षेत्र का निरीक्षण कर चुके हैं। सबबसे ज्यादा बिसौली के 38 गांवों से होकर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। बिसौली में काम भी ज्यादा है। दरअसल, इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल का कटान हो रहा है। इस कारण एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि समतलीकरण का काम धीमी गति से चल रहा है।
एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेडके सर्वेयर विनोद तिवारी का कहना है कि गेहूं कटान और उठान में तेजी के साथ एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि समतलीकरण का काम भी रफ्तार पकड़ रहा है। बिसौली में भी जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।