बदायूं। सोमवार को प्रशासन ने शहर के जालंधरी सराय चौराहे से अतिक्रमण हटा दिया। इस दौरान चौराहे पर अतिक्रमण की जद में आ रही कोठरी को जेसीबी की मदद से गिरवा दिया गया, साथ ही वहां पर हो रही पार्किंग की बेरिकेडिंग को भी तोड़ दिया। हालांकि पार्किंग संचालक ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया है।
शहर की सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। सोमवार दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार, एसडीएम पारस नाथ मौर्य और कोतवाली पुलिस जालंधरी सराय पर पहुंची। टीम को आता देख लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार अपने दुकानों को बंद कर वहां से निकल लिए। टीम ने चौराहे के पास में हो रहे अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। इधर पार्किंग संचालक सलीम अहमद का कहना है कि यह जमीन उन्होंने किराए पर ली थी। इसमें जमीन का मालिकाना हक रखने वाले तीन भाइयों की सहमति थी, लेकिन बाद में उनका आपसी विवाद हो गया। सभी भाई अलग-अलग किराया मांग रहे थे। ऐसे में वह कोर्ट चले गए। अब यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में प्रशासन स्तर से कार्रवाई किया जाना गलत है।
अतिक्रमण के नाम पर तोड़ी पार्किंग की चहारदीवारी
प्रशासन ने सोमवार को जालंधरी सराय पर अभियान के दौरान एक कार पार्किंग की पूरी बाउंड्री तोड़ दी, जबकि प्रशासन का कहना है कि सड़क के चौड़ीकरण को लेकर अभियान चलाया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर यह कार्रवाई की गई थी। अन्य जगहों पर भी जो अतिक्रमण करता पाया जाएगा, उसे तोड़ा जाएगा।