क्रेन से निकाली गई ट्रॉली, एक घंटे तक रही जाम की स्थिति
बिजली विभाग बिछा रहा है अंडरग्राउंड बिजली लाइनें
अंडरग्राउंड विद्युत लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढों को न भरने का खामियाजा करीब एक घंटे तक जाम में फंसकर लोगों को भुगतना पड़ा। इस गड्ढे में बालू से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली फंस जाने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही ट्रॉली को वहां से निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी।
मंगलवार को दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब लावेला से पीएनबी शाखा वाले रोड पर खनन कर लाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के गड्ढे में फंस गई। गड्ढा शहर में अंडर ग्राउंड डाली जा रही बिजली केबिल के लिए खोदा गया था, केबिल डालने के बाद उसे खानापूर्ति करके ही बंद कर दिया गया था। गड्ढे में ट्रॉली फंस जाने से जाम लगना शुरू हो गया। आनन-फानन में क्रेन मंगाई गई। क्रेन से ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकाला जा सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही और वाहन फंसे रहे।
बिजली केबिल डालने के बाद नहीं हो रही सड़क मरम्मत
बिजली केबिल डालने का काम तो हो रहा है लेकिन बिजली विभाग इन गड्ढों को ठीक प्रकार से भर नहीं रहा है। शहर की तमाम सड़कें खराब हो रही हैं। पटरियां तो चलने लायक भी नहीं रह गई हैं। हालत यह है कि शहर की सूबसूरती बिगड़ रही है और वाहनों के संचालन में भी असुविधा हो रही है। एक्सीडेंट की संभावनाएं बनी हुई हैं। कई वार भारी वाहन इन गड्ढों में फंसकर मुसीबत बन रहे हैं।
नगर पालिका और बीएसएनएल को हुआ नुकसान
बिजली विभाग द्वारा अंडरग्राउंड बिजली लाइन डालना बड़ी मुसीबत बन रही है। जहां पिछले दिनों जीआईसी मोड़ पर पानी की पाइप लाइन भी कट गई थी। इससे नगर पालिका को को काफी क्षति हुई और नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ी थी। हाल ही में रविवार को बिजली लाइन के चक्कर में बीएसएनएल की केबिल कट गई जो अभी तक नहीं जुड़ी है। बिजली लाइन डालने वाले सड़क के गड्ढे ठीक प्रकार से नहीं भर रहे हैं।