उझानी (बदायूं)। अयोध्यागंज मोहल्ले के बिजली उपभोक्ता ने मीटर रीडर पर बकाया बिल के 18 हजार रुपये हड़प लेने का आरोप लगाया है। उपभोक्ता की मानें तो उसके नाम की आरसी भी कट गई है। शिकायत पर उसने रुपये लौटाने के बजाय मीटर रीडर ने धमकी दी। मामला कोतवाली पुलिस तक पहुंच गया है।
बिजली उपभोक्ता राशिद ने बिजली विभाग के मीटर रीडर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। राशिद के मुताबिक बकाया में उसके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। कनेक्शन जुड़वाने के लिए एक मीटर रीडर ने उनसे संपर्क साधा और पिछले महीने 18 हजार रुपये मांगे। रुपये अगले दिन ही उसे दे दिए गए। राशिद इसके बाद 18 हजार रुपये की रसीद के लिए आरोपी मीटर रीडर के चक्कर काटता रहा। पिछले सप्ताह राशिद के नाम की आरसी भी कट गई। इसकी भनक राशिद को लगी तो वह बिजली विभाग के स्थानीय अफसरों से मिला। राशिद रविवार शाम कोतवाली पुलिस से मिला।
उसने मीटर रीडर से 18 हजार रुपये को लेकर हुई बातचीत की मोबाइल ऑडियो भी सुनवाई। साथ उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर भी सौंप दी। इधर, आरोपी मीटर रीडर ने बताया कि रुपये लिए गए थे लेकिन बकाया अधिक होने की वजह से बिल पार्ट में जमा करने को कहा गया था। राशिद की शिकायत पर सोमवार को जांच कर रहे दरोगा से भी बात हुई है। बता दें कि पिछले बिजली बिलों का करीब तीन लाख रुपये हड़पे जाने का मामला भी सामने आया था। आरोपी सीएससी संचालक ने भंडाफोड़ होने पर दो उपभोक्ताओं के रुपये कोतवाली पुलिस के सामने ही लौटाए थे। सीएससी संचालक ने तो बिजली कर्मी को ही शिकार बना लिया था।
ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर किसी को बिजली कर्मियों से कोई शिकायत है तो वह कार्यालय आकर उन्हें बता सकते हैं। शिकायत के बाद पर जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। - राजनाथ यादव, एक्सईएन, चतुर्थ डिवीजन