बदायूं। जिलेभर में शुक्रवार को पावर कॉरपोरेशन की ओर से बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 38 लोगों के खिलाफ 138 बी और 27 लोगों पर 135 धारा के तहत एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
डिस्कॉम मुख्यालय ऊर्जा भवन और यूपी पावर कॉरपोरेशन के निर्देश पर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसमें अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंता शामिल रहे। शुक्रवार सुबह पांच बजे से पूरे जिले में अभियान चलाया गया। इसमें 237 कनेक्शनों को काटा गया। वहीं पूर्व में कटे चले रहे 149 बिजली कनेक्शनों को चेक किया गया। इसमें 38 कनेक्शन जुड़े हुए पाए गए। जिन पर 138 बी के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही 27 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। इन पर भी एफआईआर दर्ज विभाग ने कराई गई। इस दौरान 15 लाख 20 हजार रुपये राजस्व की वसूली की। बदायूं में एक्सीईएन वाईएस राघव के निर्देश पर अधिकारियों ने मोहल्ला महाराज नगर से नौ लोगों को और कबूलपुरा मोहल्ले से पांच लोगों को कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। जिनकी थाना सिविल लाइंस और कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दौरान एसडीओ प्रवीण सिंह कन्नौजिया, अवर अभियंता पवन सिंह, संतोष कन्नौजिया, सुनील कुमार आदि रहे।